हमीरपुर। जिला योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक शनिवार को बचत भवन हमीरपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करें ताकि, प्रत्येक पात्र व्यक्ति सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि जिला में मनरेगा के अंतर्गत 950.83 लाख रुपये व्यय कर 5 लाख 17 हजार 484 श्रम दिवस अर्जित किए गए हैं जो सराहनीय कार्य है। बैठक में राजस्व विभाग, श्रम एवं रोजगार, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से किए जा रहे विकासात्मक कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जिले में एनआरएलएम के तहत 101 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। अधिकारी इन्हें बढ़ाने का प्रयास करें तथा निर्धारित लक्ष्य को मार्च तक पूरा करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के सभी विकास खंडों में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों को स्वयं जाकर पेयजल योजनाओं की मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लंबलू और अन्य पेयजल योजनाओं के चल रहे कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्येक विभाग के माध्यम से लोगों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई हैं। अधिकारी 20 सूत्रीय कार्यक्रम से संबंधित बैठक का एजेंडा बैठक से एक सप्ताह पूर्व गैर सरकारी सदस्यों को उपलब्ध करवाएं ताकि, वह अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का सही तरीके से मूल्यांकन कर सकें। इस अवसर पर भोरंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश कुमारी, प्रदेश भाजपा सचिव विजयपाल सोहारू, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, देशराज शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष वीना शर्मा, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष राजकुमारी, जिला परिषद सदस्य वीना कपिल, उपायुक्त डा. रिचा वर्मा, एडीसी रत्न गौतम, एएसपी बलवीर सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।