हमीरपुर। ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से संचालित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन वीरवार को केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बतौर मुख्यातिथि, जबकि जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत की। स्कूल की कार्यकारी प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने अतिथियों को स्वागत पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन से हुई।
इस दौरान स्कूली छात्रों ने स्वागत गीत भी पेश किया। कार्यक्रम में मंच संचालन स्कूल के वरिष्ठ अध्यापक सुरेश मोदगिल ने किया। एएसपी बलवीर सिंह ने कहा कि बच्चे यातायात नियमों का पालन करें। जिंदगी सबसे जरूरी है। अगर जिंदगी सुरक्षित है तो हर व्यक्ति कोई न कोई मुकाम हासिल कर ही लेता है। स्कूली छात्र अकसर स्कूल जाते या छुट्टी के समय झुंडों में इकट्ठे होकर सड़क पर चलते हैं, जो सही नहीं है। इससे कभी भी सड़क हादसे हो सकते हैं। उन्होंने छात्रों से झुंडों में चलने की बजाय कतारबद्ध होकर चलने का आग्रह किया। नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी छात्रों को बताया। कहा कि यदि कोई ड्रग माफिया नशे की सप्लाई कर रहा है तो छात्र पुलिस में उसकी जानकारी दें। जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। इसके साथ उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने और लाइसेंस बनाने का आग्रह किया। वहीं, जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए जरूरी संतुलित आहार लेने की बात कही। उन्होंने बच्चों को जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स से दूर रहने की भी सलाह दी। कहा कि यदि बच्चा स्वस्थ होगा तभी वह अच्छे ढंग से पढ़ाई कर आगे बढ़ सकता है। इसलिए बच्चों को संतुलित आहार में सब्जियां, दालों आदि का प्रयोग करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने नशे के प्रयोग से होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। शुक्ला ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में बताते हुए ऐसा होने पर इसकी शिकायत करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य ने आए हुए अतिथियों को गिफ्ट भेंट का सम्मानित किया।
‘अमर उजाला’ का प्रयास सराहनीय : मीना
केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर की कार्यकारी प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने कहा कि पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के तहत बच्चों को जागरूक करने का ‘अमर उजाला’ का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों की इस तरह से अगर काउंसलिंग होती रहेगी तो उन्हें ट्रैफिक नियम, नशे और स्वस्थ रहने के के बारे में विभिन्न जानकारियां मिलेंगी जो उनकी पढ़ाई के साथ आगामी जीवन में भी योगदान करेंगी। उन्होंने ‘अमर उजाला’ सहित आए हुए अतिथियों का महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए आभार व्यक्त किया।
छात्रों ने क्या कहा-
नशे से हमेशा दूर रहेंगे
जमा दो नॉन मेडिकल कक्षा के छात्र अमित ने कहा कि एएसपी हमीरपुर ने नशा और नशा माफिया के पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। वे अधिकारी की ओर से बताई गई बातों पर अमल करेंगे और नशे से दूर रहेंगे। यदि कोई नशा माफिया सक्रिय होगा या छात्रों को नशे की गिरफ्त में लाने की कोशिश करेगा तो उसकी शिकायत पुलिस में करेंगे।
यातायात नियमों का पालन करेंगे
जमा दो नॉन मेडिकल कक्षा के पंकज चौहान ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ट्रैफिक नियमों के बारे में पता लगा है। वह ट्रैफिक नियमों का पालन खुद भी करेंगे और घर-परिवार सहित आस पड़ोस के लोगों को भी ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करेंगे ताकि, हादसों में कमी आए।
संतुलित आहार का प्रयोग करेंगी
जमा एक मेडिकल कक्षा की अदिति ने कहा कि स्वस्थता पर जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी ने छात्रों की जो काउंसलिंग की है, उससे वह प्रभावित हुई हैं। छात्रा ने कहा कि वह खाने में आयरन युक्त खाद्य पदार्थों सहित संतुलित आहार का प्रयोग करेंगी और दूसरों से भी संतुलित आहार के प्रयोग की ही अपील करेंगी।
खुद की कमियों को सुधारकर सामाजिक उत्थान में देंगी योगदान
जमा एक नॉन मेडिकल कक्षा की पलक ने कहा कि कार्यक्रम में एएसपी की ओर से बताई गई बातों से प्रभावित हुई हैं। छात्रा ने कहा कि जीवन में जरूरी बातों को ध्यान में रखकर खुद की कमियों को सुधारने के साथ-साथ सामाजिक उत्थान में योगदान देंगी। वह समाज में नशे के दुष्प्रभाव के बारे में लोगों को जागरूक करेंगी।
जीवन की महत्ता के बारे में करेंगे जागरूक
जमा एक मेडिकल कक्षा की छात्रा रिया ठाकुर ने कहा कि एएसपी ने जीवन के महत्व के बारे में जो बताया उससे वह प्रभावित हुई हैं। वह संतुलित आहार लेंगी। ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगी और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को बताकर जीवन की महत्ता के बारे में जागरूक करेंगी क्योंकि जीवन है तो जहान है।
स्वास्थ्य के लिए हानिकारक चीजों का करेंगे त्याग
जमा एक नॉन मेडिकल के साहिल ने कहा कि नशे के कारण होने वाली विभिन्न जानकारियों एवं इसके दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को बताएंगे। कभी भी बुरी स,ंगत में नहीं फंसेंगे। वह अच्छी संगत में रहकर जीवन में आगे बढ़ेंगे। खाने में जंक फूड सहित स्वास्थ्य के लिए हानिकारक अन्य चीजों का त्याग करेंगे।