हमीरपुर। डॉ. राधा कृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर के ओपीडी कमरों के बाहर लगी टोकन डिस्प्ले स्क्रीन करीब छह माह से बंद पड़ी है। इतना समय बीत जाने के बाद भी ओपीडी कमरों के बाहर लगी टोकन डिस्प्ले ठीक नहीं हो पाई हैं। इस कारण मरीजों की ओपीडी के बाहर अपनी बारी के इंतजार के लिए भीड़ लगाकर खड़ा होना पड़ रहा है। विभिन्न ओपीडी के बाहर बारी के इंतजार के लिए मरीजों की भीड़ लग रही है। टोकन डिस्प्ले होने से मरीजों का नंबर डिस्प्ले पर अंकित हो जाता था लेकिन, डिस्प्ले खराब होने से अब मरीजों को भीड़ में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।
मेडिकल कॉलेज बनने के बाद भी अस्पताल में इस सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। कॉलेज प्रबंधन ने अस्पताल से न तो ये टोकन डिस्प्ले हटाई हैं और न ही इन्हें ठीक करवाया है। इस कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में उपचार करवाने आए मरीजों और उनके तीमारदारों में विवेक कटोच, शुभम पठानिया, मीना कुमारी, रवि कुमार, पुरुषोत्तम दास आदि का कहना है कि टोकन डिस्प्ले होने से वह बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकते हैं। इससे ओपीडी के दरवाजे के बाहर भी भीड़ नहीं रहती है और चिकित्सक के पास भी संबंधित टोकन वाला मरीज ही जाता है, लेकिन डिस्प्ले के खराब रहने से अब चिकित्सक के पास और ओपीडी के दरवाजे के बाहर लोगों की भीड़ रह रही है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं, वृद्धों और अपंगों को होती है जो ज्यादा देर तक ओपीडी के बाहर खड़े नहीं रह सकते। इस संबंध में एमएस डा. अनिल वर्मा का कहना है कि जल्द ही इन टोकन डिस्प्ले को चलाने का निर्णय लिया जाएगा। अगर परेशानी हो रही है तो इस बारे में कॉलेज प्रबंधन की बैठक में बात की जाएगी।