हमीरपुर। जिला के कम संख्या वाले प्राइमरी स्कूलों को नजदीकी स्कूलों से मर्ज करने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इस संबंध में विभाग ने प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय हमीरपुर से नजदीकी स्कूलों की रिपोर्ट मांगी है। मर्ज होने वाले स्कूलों से डेढ़ किमी. दायरे के अंदर आने वाले स्कूलों की भौगोलिक स्थिति सहित अन्य प्रकार की रिपोर्ट शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय से मांगी है। इस पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने ऐसे स्कूलों की रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को भेज दी है। अब शिक्षा विभाग इस रिपोर्ट पर समीक्षा कर इन स्कूलों के नजदीक पड़ने वाले कम संख्या वाले स्कूलों को मर्ज करने संबंधी प्रक्रिया शुरू करेगा।
जिला के करीब दो दर्जन ऐसे स्कूल हैं जिनमें बच्चों की संख्या पांच से बीस तक ही है। ऐसेे स्कूलों को नजदीकी स्कूलों में मर्ज करने का निर्णय शिक्षा विभाग ने लिया है। इस संबंध में विभाग ने नजदीकी स्कूल में बच्चों को उचित सुविधाएं देने के लिए भौगोलिक स्थिति के अलावा एडजस्टमेंट संबंधी अन्य जानकारी मांगी है। अब रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग जल्द ही कोई निर्णय लेगा। अगर रिपोर्ट में नजदीकी स्कूलों का भौगोलिक एरिया और अन्य कंडीशन अनुकूल निकलती है तो जिला के यह कम संख्या वाले स्कूल नजदीकी स्कूलों में मर्ज हो सकते हैं। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक देश राज भरवाल का कहना है कि शिक्षा निदेशालय ने मर्ज होने वाले स्कूलों के नजदीकी स्कूलों की रिपोर्ट मांगी है। इस पर नजदीकी स्कूलों की भौगोलिक स्थिति सहित अन्य रिपोर्ट विभाग को भेज दी है। अब आगामी कार्रवाई शिक्षा विभाग करेगा।