नादौन(हमीरपुर)। रावमापा कन्या नादौन में पढ़ने वाली छात्राओं को पुलिस सुरक्षा प्रदान करेगी। कन्या स्कूल को जाने वाली गलियों में पुलिस का पहरा होगा। मंगलवार को एसडीएम नादौन ने बैठक में पुलिस विभाग को इस बारे निर्देश दिए हैं। स्थानीय बाजार में अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था व अन्य समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें व्यापार मंडल, पुलिस विभाग, नगर पंचायत, टैक्सी यूनियन और अन्य संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
एसडीएम डीआर धीमान की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में चर्चा की गई कि बाजार में पीली लाइन लगाई जाएगी। जिसके बाहर किसी भी रेहड़ी-फड़ी या दुकानदार को सामान लगाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। बस अड्डा के पास टैक्सी स्टैंड की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें एक समय में केवल दस टैक्सियां ही खड़ी होंगी। इसके बाद नंबर आने पर अगली टैक्सी वाले को वहां अपनी टैक्सी लगानी होगी। धीमान ने कहा कि नादौन अस्पताल के लिए टैक्सियों की व्यवस्था की जाएगी और अस्पताल में छोड़ने के लिए टैक्सी वाले केवल एक सौ रुपये ही लेंगे। नादौन बस अड्डा और एनएच किनारे निजी वाहनों को खड़ा नहीं करने दिया जाएगा। बैठक के दौरान नादौन शहर में अवैध कब्जों पर भी काफी चर्चा हुई। इस बारे एसडीएम डीआर धीमान ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनहित और लोगों की सुविधा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।