बिझड़ी(हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला भोटा में इस सत्र में 5 सरकारी शिक्षकों ने अपने बच्चे दाखिल करवाए हैं। रिटायर सीएचटी प्रदीप दुग्गल की पुत्री यामिनी, रिटायर सीएचटी रणवीर सिंह के पौत्र अंशुमन, राजकीय प्राथमिक पाठशाला दैण में कार्यरत सीएचटी इंदिरा देवी के पौत्र अखिल कुमार और कुल्लू में पीजीटी के रूप में कार्यरत शशिकांत के पुत्र श्रन्य कांत सहित शिमला में तैनात टीजीटी नॉन मेडिकल राजेश कुमार ने अपनी पुत्री शगुन को भोटा में दाखिल करवाया है।
सरकारी शिक्षक भी अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। इससे लोगों को सरकारी स्कूलों में बच्चों को दाखिल करवाने की सीख मिल रही है। सीएचटी संदीप कुमार ने कहा कि इस स्कूल का चयन गत वर्ष और इस वर्ष भी खास शिक्षा में हुआ है। इससे लोगों में स्कूल के प्रति विश्वास बढ़ा है। इस समय बिझड़ी खंड के 100 से अधिक सरकारी प्राथमिक शिक्षकों के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में अध्ययन कर रहे या अध्ययन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बिझड़ी खंड में इस बार नामांकन 10 प्रतिशत बढ़ा है। नामांकन 3200 से बढ़कर 3486 हुआ है।