नादौन (हमीरपुर)। प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए तय की गई सौ दिन की सीमा के तहत नादौन प्रशासन ने सोमवार को खंड की पंचायतों में पात्र व अपात्र बीपीएल परिवारों की जांच के लिए कवायद शुरू कर दी है। जिसके प्रथम चरण में बीपीएल परिवारों की सूची पंचायत के बाहर प्रदर्शित करने को कहा गया है। बीते शनिवार को खंड विकास अधिकारी चंद्रवीर सिंह ने पंचायत सचिवों व तकनीकी सहायकों की बैठक के दौरान उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इस लक्ष्य के लिए जुट जाने को कहा था।
उन्होंने कहा कि बीपीएल संबंधी अगर किसी ने किसी की दावेदारी पर आपत्ति दर्ज करवाई हो तो उसकी अलग से रिपोर्ट तैयार की जाएगी तथा वर्तमान में भी यदि इस संबंध में कोई शिकायत मिलती है तो इन मामलों की अलग से विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि सरकार की इस योजना को सफल बनाने तथा पात्र लोगों को उनका हक दिलाने के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार 13 फरवरी तक इस अभियान के प्रथम चरण को पूरा करना होगा और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में भेजनी होगी।