हमीरपुर। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में दो दिन से एक्स-रे सेवाएं ठप हैं। अस्पताल में एक्स-रे नहीं होने के कारण लोग बुधवार और वीरवार को एक्स-रे लैब के बाहर से मायूस होकर लौटे। लैब में एक्स-रे फिल्म खत्म होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। अस्पताल में बुधवार दोपहर करीब एक बजे एक्स-रे फिल्म खत्म हो गई। इस कारण बुधवार को एक्स-रे करवाने आए लोगों में से ही आधे ही लोगों के एक्स-रे अस्पताल में हो सके। शेष लोगों को प्राइवेट लैबों की ओर रुख करना पड़ा। इस कारण लोगों को अधिक दामों पर एक्स-रे करवाने पड़े।
सबसे ज्यादा परेशानी बीपीएल से संबंधित मरीजों को हुई। अस्पताल की एक्स-रे लैब में बीपीएल के मरीजों का मुफ्त में एक्स-रे होता है। वीरवार को बीपीएल से संबंधित कई मरीज अस्पताल पहुंचे, लेकिन पर्ची कटवाते समय ही उन्हें बोल दिया गया कि अस्पताल में एक्स-रे नहीं हो रहे हैं। इस कारण कई मरीजों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा तो कइयों ने महंगे दामों पर प्राइवेट लैबों में एक्स-रे करवाए। इस कारण लोगों को आर्थिक और शारीरिक नुकसान हुआ। प्राइवेट लैबों में भी एक एक्स-रे करने के लिए एक सौ से डेढ़ सौ रुपये वसूले गए। लोगों को जहां मुफ्त में यह सुविधा मिलनी थी वहीं उन्हें एक सौ से डेढ़ सौ रुपये देकर एक्स-रे करवाना पड़ा। दो दिन एक्स-रे नहीं होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया है। लोगों ने अस्पताल में एक्स-रे सेवाएं सुचारु रखने की मांग की है।
इस संबंध में एसएमओ डॉ. रमेश चौहान का कहना है कि एक्स-रे फिल्म खत्म होने के कारण परेशानी हुई है। एक्स-रे फिल्म मंगवाई गई है। सेवाएं सुचारु हो जाएंगी।