सुजानपुर(हमीरपुर)। सुजानपुर स्थित चिल्ड्रन पार्क के कायाकल्प के लिए शहरी विकास विभाग ने दस लाख रुपये जारी किए हैं। बजट की राशि नगर परिषद के पास पहुंच गई है। पार्क में दस लाख रुपये से सजावटी फूल और पौधे, बच्चों के खिलौने व झूले इत्यादि स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्क में फव्वारा भी स्थापित किया जाएगा। कस्बा में स्थित चिल्ड्रन पार्क का निर्माण करीब 25 वर्ष पहले हुआ था। बच्चे व उनके अभिभावक रोजाना पार्क में खेलने व टहलने आते हैं। इससे पूर्व पार्क की हालत खराब थी। बच्चों को खेलने व झूलने के लिए पार्क में उपकरण नहीं थे। अब विभाग ने नप को पार्क के कायाकल्प के लिए दस लाख रुपये जारी किए हैं। बच्चों के अभिभावकों ने इसके लिए नप कमेटी व विभाग का आभार व्यक्त किया है। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष रमन भटनागर का कहना है कि सुजानपुर चिल्ड्रन पार्क में दस लाख रुपये से सजावटी फूल-पौधे और बच्चों के खेलने के उपकरण स्थापित किए जाएंगे। यह बजट राशि नगर परिषद के पास पहुंच गई है। जल्द ही पार्क के कायाकल्प का कार्य शुरू हो जाएगा।