भोरंज(हमीरपुर)। जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन वीरवार को हुआ। इस मौके पर जिला लोक संपर्क अधिकारी विनय शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करे तो राष्ट्र को एक नए मुकाम पर पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत युवा शक्ति से ओतप्रोत राष्ट्र है। मतदाता जागरूकता से लेकर पर्यावरण संरक्षण, कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को दूर करने में युवाओं ने अहम भूमिका का निर्वहन किया गया है।
उन्होंने कहा कि विश्व में जितने भी परिवर्तन हुए है,ं उन सभी में युवाओं के लगन और बलिदान का अतुलनीय योगदान रहा है। सात दिवसीय एनएसएस शिविर में 66 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। जिसमें 32 छात्राएं तथा 34 छात्र शामिल रहे। शिविर के दौरान विभिन्न सामाजिक कार्यों के साथ-साथ स्वयंसेवियों ने नवोदय विद्यालय परिसर में 20 मीटर मार्ग का निर्माण भी किया। इससे पहले शिविर का शुभारंभ स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य युधिष्ठिर साहू ने किया था। समापन अवसर पर नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र मनोज भाटिया, रवि कुमार, नवीन थपलियाल, राजेश कौशल भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।