विद्यार्थियों ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली
हमीरपुर। जिला में सौ फीसदी मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीप अभियान के अंतर्गत बुधवार को गांधी चौक से भोटा चौक तक बच्चों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस मौके राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल व कन्या, मैग्नेट पब्लिक स्कूल, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, हिम अकादमी, सिल्वर बेल्ज, ऐम पब्लिक स्कूल, गुरुकुल स्कूल, सावित्री स्कूल तथा ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल सहित 10 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संदीप कदम ने मतदाता जागरूकता रैली को गांधी चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तख्तियां लिए स्कूली बच्चों ने शहर के लोगों को नारों के माध्यम से मतदान की महत्ता बताई तथा अधिक से अधिक लोगों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए 9 नवंबर को वोट करने की अपील की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रत्न गौतम, शिक्षा उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान, बाल स्कूल की प्रधानाचार्य मंजु ठाकुर सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक भी उपस्थित रहे।