संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में 15 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।
सुबह से ही मंदिर परिसर में जयकारों की गूंज के साथ दर्शनों का दौर शुरू हुआ। दोपहर 12:30 बजे के करीब नवग्रह वाटिका के पास एक वाहन के खराब हो जाने से मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
जाम के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़सर थाना प्रभारी गुरबक्श की अगुवाई में पुलिस टीम और प्रशासन और न्यास कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने के प्रयास किए और खराब वाहन हटने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ, लेकिन लाइनें अधिक होने से कई वाहन रास्ते में ही फंसे रहे, जिससे पैदल यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई। भीड़ और यातायात अव्यवस्था के चलते देर रात तक दर्शन के लिए कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने धैर्यपूर्वक इंतजार करते हुए बाबा के दर्शन किए।
रविवार के दिन को बाबा बालक नाथ का दिन माना जाता है, ऐसे में पौणाहारी के दर्शनों के लिए पंजाब, हरियाणा, सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु शनिवार देर शाम ही मंदिर में पहुंच गए थे, ताकि दर्शन करने में सुविधा मिल सके।