हमीरपुर। जिला भर के सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्य और मुख्याध्यापकों को शिक्षा विभाग ने पानी की टंकियों की नियमित रूप से सफाई करवाने की निर्देश दिए हैं। इसके साथ स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि पाठशाला में जलजनित रोग से संबंधित मामला आने पर इसकी सूचना स्थानीय चिकित्सा अधिकारी और उपनिदेशक शिक्षा उच्च कार्यालय को प्रेषित करें। जलजनित रोगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग भी सतर्क हो गया है।
जलजनित रोगों की चपेट में कोई बच्चा न आए इसके लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। सरकारी और निजी स्कूलों को समय-समय पर पानी की टंकियों और वाटर फिल्टरों की सफाई करने को कहा गया है। कई बार अशुद्ध पेयजल के कारण बच्चे विभिन्न रोगों की चपेट में आ जाते हैं। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर जसवंत सिंह ने कहा कि इसके लिए सभी स्कूलों को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शौचालयों की साफ-सफाई भी नियमित रूप से करवाई जाए ताकि किसी भी तरह के रोग विद्यालयों में न पनप सकें।