भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत एक ट्राले में अवैध रूप से भरकर सात मवेशियों को ले जा रहे दो लोगों के खिलाफ पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने पशुओं सहित उत्तर प्रदेश नंबर के एक ट्राले को भी जब्त कर लिया है।
उपमंडल भोरंज के जाहू में अवैध तरीके से एक टेपों में छह भैंसें और एक भैंसा भरकर ले जाए जा रहे थे। भोरंज पुलिस ने सोमवार रात को नाके के दौरान जब उत्तर प्रदेश नंबर गाड़ी को रोका तो उसमें यह पशु ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। उक्त वाहन को चालक गुलाम खान चला रहा था। जबकि उसके साथ साकिब पुत्र हामिद खान निवासी सहारनपुर उत्तर प्रदेश भी मौजूद था। ट्राले में सात भैंसें भरकर ले जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर दोनों लोगों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। भोरंज थाना प्रभारी कुलवंत का कहना है कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्जकर छानबीन जारी है। दोनों को हिरासत में लिया गया था। बाद में मुचलके पर उन्हें रिहा कर दिया गया।