हमीरपुर। राज्यस्तरीय हमीरपुर उत्सव में इस बार सज्जन राजी हो जावे और वे मैं पढ़दी हुंदी सी लॉ करदी हुंदी पर खूब धमाल मचेगा। 31 अक्तूबर से शुरू होने वाले उत्सव के पहले दिन पंजाबी सूफी गायक संतिद्र सरताज बतौर स्टार कलाकार शिरकत करेंगे। स्टार कलाकारों का चयन शुक्रवार शाम को हो गया है। 5.80 लाख रुपये के शो के साथ सतिंद्र सरताज सबसे महंगे कलाकार हैं। जबकि 3.80 लाख रुपये के साथ प्रीत हरपाल लोगों का मनोरंजन करेंगे। उत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। 31 अक्तूबर को दिन में उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर से शिव मंदिर हमीरपुर तक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पगड़ी रस्म भी अदा की जाएगी।
वहीं एक नवंबर को उत्सव के दूसरी संध्या में पहाड़ी नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस संध्या लोक गायक प्रस्तुतियां देंगे। दूसरे दिन संध्या पर सांसद अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। वहीं उत्सव की तीसरी संध्या पर पंजाबी गायक और एक्टर प्रीत हरपाल बतौर स्टार कलाकार शिरकत करेंगे। वह अपने गानों वे तू लोकां दी सुणदा कन्ना तो कच्चा है, लैहंगा, यार बेरोजगार, ब्लैक सूट होया तैनू वैन आदि पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। लोक कलाकारों को इस बार बीते सालों की अपेक्षा प्रस्तुति के लिए पांच सौ रुपये अधिक दिए जाएंगे। वहीं जिलाभर से उत्सव को देखने के लिए आने वाले लोगों के एचआरटीसी की बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। शुक्रवार को इस संबंध में एक बैठक का आयोजन कर उपायुक्त डॉ. रिचा वर्मा ने हमीर उत्सव की जानकारी दी। वहीं शुक्रवार शाम को लोक कलाकारों की स्क्रीनिंग और ऑडिशन भी लिए गए। इस ऑडिशन के लिए 260 आवेदन आए हैं। उपायुक्त हमीरपुर डा. रिचा वर्मा ने कहा कि हमीर उत्सव को लेकर सारी तैयारियां कर ली गई हैं। स्टार कलाकार फाइनल कर लोकल कलाकारों के ऑडिशन भी लिए गए हैं।