हमीरपुर। जिला परिषद हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें सभी जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा और उनका जल्द समाधान करने की मांग उठाई। बैठक में खासकर सड़क, पानी, निकासी नालियां, बिजली आदि पर चर्चा की गई। इसके साथ वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने को लेकर संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए। इस मौके पर अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों को जिला परिषद सदस्यों की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभाग अध्यक्षों के नदारद रहने पर पार्षदों ने रोष प्रकट किया। जिप अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि अधिकारी बैठक मेें अपने अधीनस्थ को न भेजकर स्वयं उपस्थित हों। चौदहवें वित्त आयोग के अनुसार जिले के सभी खंडों को 52 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है। इसमें से जून 2018 तक 20 करोड़ 90 लाख से अधिक की राशि व्यय कर 3561 कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने सभी विभागों से 1459 चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और जो कार्य अभी तक आरंभ नहीं किए गए हैं उन्हें जल्द से आरंभ करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मई माह में हुई बैठक की कार्रवाई की पुष्टि भी की गई। बैठक में जून माह तक हुए आय व्यय का अनुमोदन भी किया गया। बैठक में उपायुक्त ऋचा वर्मा ने सभी अधिकारियों और जिला परिषद सदस्यों से मिल कर एक टीम की तरह काम करने का आग्रह किया। इस बैठक में उपायुक्त डॉ. रिचा वर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एवं एसडीएम हमीरपुर शिल्पा बेक्टा, जिला परिषद सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी रमेश कूपर ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक में लोक निर्माण बड़सर के अंतर्गत विभिन्न सड़कों की मरम्मत और पुली के निर्माण के बारे में चर्चा की गई।