हमीरपुर। मापतोल विभाग ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में स्थित एक गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर गैस सिलिंडर का वजन कम पाए जाने पर एजेंसी धारक का चालान किया है। विभाग के निरीक्षक ने जिला मुख्यालय के साथ साथ नादौन में स्थित घरेलू गैस एजेंसी पर भी छापा मारा। नादौन की गैस एजेंसी में धारक ने सिलेंडरों को तोलने के लिए लगाए गए मापतोल यंत्रों का सत्यापन नहीं किया था। इस पर उक्त एजेंसी धारक का भी चालान किया गया। विभाग के निरीक्षक बीसी आर्य ने कुल आठ चालान किए हैं। इन चालानों में दो एजेंसी धारकों के और छह अन्य दुकानदारों के चालान शामिल हैं।
विभाग के निरीक्षक ने मुनाफाखोरी पर लगाम कसने के लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय और नादौन कस्बा का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान विभाग ने कुल 50 दुकानों पर छापे मारे। जिनमें से दो गैस एजेंसी और दो अन्य दुकानों में मुनाफाखोरी की शिकायत पाई गई। एजेंसी में सिलिंडरों के कम वजन और मापतोल यंत्रों के सत्यापन न होने के अलावा विभाग ने कम पैकिंग, पैकेट पर मूल्य व तिथि अंकित न होने के चालान किए हैं। विभाग द्वारा इन चालानों की जुर्माना राशि का निर्धारण फरवरी माह के अंत तक किया जाएगा। इस संबंध में विभाग के निरीक्षक बीसी आर्य ने कहा कि जिला मुख्यालय और नादौन में दो गैस एजेंसियों में औचक निरीक्षण किया गया। इनमें से एक एजेंसी में सिलिंडर का वजन निर्धारित वजन से कम पाया गया तो दूसरी एजेंसी में बिना मापतोल यंत्रों के सत्यापन के ही सिलिंडरों को तोला जा रहा था। इस निरीक्षण के दौरान उन दोनों एजेंसी धारकों के चालान किए गए। चालानों की राशि का निर्धारण इस माह के अंत तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उन्होंने मुनाफाखोरी के छह अन्य चालान भी किए हैं।