हमीरपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निकायों में शौचालय नहीं बनाने पर परिवारों के बिजली और पेयजल कनेक्शन कटेंगे। उपायुक्त हमीरपुर संदीप कदम ने इसके लिए संबंधित विभाग को कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं। आदेशों को अमलीजामा पहनाने से पहले संबंधित परिवारों को इस के लिए पंद्रह दिन की मोहलत दी गई है।
उपायुक्त संदीप कदम ने सोमवार को हमीर भवन में नगर निकायों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। कहा कि शहरी क्षेत्रों में शौचालय निर्मित करने के लिए गरीब परिवारों को आर्थिक मदद भी प्रदान की गई है। जिन परिवारों को आर्थिक मदद प्रदान की गई है, उनको शौचालय का निर्माण आरंभ करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। संदीप कदम ने कहा कि सभी कार्यकारी अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही शौचालयों की साफ सफाई की रिपोर्ट भी प्रेषित करने के लिए कहा गया है ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने हमीरपुर नगर परिषद, भोटा तथा सुजानपुर, नादौन के नगर निकायों में सीवरेज कार्य की भी समीक्षा करते हुए कहा कि सीवरेज की पाइप लाइन बिछाने के लिए नगर निकायों के प्रतिनिधि लोगों के साथ आवश्यक बैठक कर सहमति बनाने का प्रयास करें। इस मौके पर एडीएम रतन गौतम, आईपीएच, बिजली बोर्ड के अधिकारियों सहित नगर निकायों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाए आईपीएच
इस अवसर पर शहरों में पेयजल सुविधा को लेकर भी चर्चा की गई। उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आईपीएच विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि तय मापदंडों के आधार पर पेयजल की गुणवत्ता को बरकरार रखने के लिए भी उचित कदम उठाए जाएं।