हमीरपुर। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग हमीरपुर 25 नवंबर को रावमापा बाल के मैदान में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांगों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाएगा। दृष्टिबाधित लड़के तथा लड़कियां 100 मीटर पैदल दौड़ (वॉक), जबकि श्रवण दोष वाले बच्चे 100 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में भाग ले सकते हैं। इसी प्रकार शारीरिक रूप से अक्षम बच्चे 50 मीटर अस्सिटड वॉक, सॉफ्टबाल थ्रो, मानसिक रूप से ग्रस्त बच्चेे 100 मीटर दौड़ तथा बौची में तथा मानसिक रूप से अक्षम बच्चे बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
इस दौरान 18 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के अक्षम पुरुष तथा महिलाओं के लिए भी 100-200-400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ी तथा साथ आने वाले एक अभिभावक को विभाग की ओर से दैनिक भत्ता तथा आने जाने का बस किराया भी दिया जाएगा। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुदेश धीमान ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 25 नवंबर को प्रात: 9 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल के प्रांगण में रिपोर्ट करनी होगी। बच्चे की आयु तथा विकलांगता प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा तथा इसी के आधार पर बच्चे खेलों में भाग ले सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए विभाग के दूरभाष नंबर 01972-223851 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र खिलाड़ी विभाग के हमीरपुर स्थित कार्यालय में स्वयं आकर भी सूचना प्राप्त कर सकते हैं।