बाबा बालक नाथ मंदिर में बाबा की लीलाओं का गुणगान करते भक्त। स्रोत : जागरूक पाठक
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 14 हजार श्रद्धालु नतमस्तक हुए। सुबह 4:00 बजे आरती के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में विराजमान बालयोगी के दर्शन किए।
शनिवार देर शाम से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। रविवार सुबह दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गईं। दिनभर मंदिर परिसर में पौणाहारी के जयकारे गूंजते रहे। कीर्तन हाल में श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ के भजन और लीलाओं का गुणगान किया।
रविवार को पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालु यहां पर पहुंचे। मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगर सहित सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। पूर्व में मौसम खराब होने के कारण मंदिर में कम ही श्रद्धालु पहुंच रहे थे, लेकिन रविवार को मौसम साफ होते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी।
एसडीएम बडस़र राजेंद्र गौतम ने बताया कि बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए न्यास अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को मंदिर में किसी भी प्रकार की दिक्कत पेश नहीं आने दी जाएगी।