हमीरपुर। जिला में पिछले पांच वर्षों में 248 में से 24 पंचायतों का स्वरूप पूर्णतया बदल गया है। पांच वर्ष पूर्व पंचायती राज विभाग की जहां 248 पंचायतों में चुनाव हुए थे, वहीं इस बार 243 पंचायतों में चुनाव होंगे।
बड़सर, भोरंज, नादौन और हमीरपुर में नगर निकायों के गठन और पुनर्गठन में पंचायतीराज विभाग की 14 पूर्णतया और 10 पंचायतें आंशिक रूप से शामिल हुई हैं। इससे 14 पंचायतों का अस्तिव पूरी तरह खत्म हो गया है, जबकि 10 पंचायत के स्वरूप क्षेत्रफल में भी बदलाव आया है। आगामी चुनाव को लेकर विभाग की ओर से नौ अतिरिक्त पंचायतों का गठन किया गया है।
इससे अब आगामी पंचायतीराज चुनावों में 243 पंचायतों में चुनाव होंगे। पांच वर्ष के अरसे के बाद जिला में शहरी क्षेत्र का दायरा बढ़ा है। नगर निगम हमीरपुर के गठन के साथ नगर पंचायत नादौन को नगर परिषद भी बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त नगर पंचायत भोरंज और बड़सर का गठन होने से भी ग्रामीण क्षेत्र कम हुआ है। हालांकि नई पंचायतों के गठन से कुछ हद तक पंचायतों की संख्या में इजाफा भी हुआ। संवाद