सलौणी/ दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास दियोटसिद्ध ने अपने चार संस्थानों में अनुबंध पर कार्यरत 14 कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया है। जो कर्मचारी 31 मार्च 2025 तक दो वर्ष की सेवा पूरी कर लेंगे, उन्हें नियमित किया जाएगा। कर्मचारियों में बाबा बालक नाथ महाविद्यालय चकमोह में अनुबंध पर कार्यरत हिंदी, रसायन विज्ञान, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और गणित विषयों के प्रवक्ताओं को नियमित किया जाएगा।
इसके अलावा, बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास दियोटसिद्ध में अनुबंध आधार पर कार्यरत फार्मासिस्ट और चार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी नियमित किया जाएगा। मंदिर न्यास में रिक्त पड़े चतुर्थ श्रेणी के पदों को भी भरा जाएगा, जिनमें लंगर सहायक के तीन और चौकीदार का एक पद शामिल है। न्यास की ओर से संचालित बाबा बालक नाथ मॉडल स्कूल चकमोह में नियमित आधार पर कार्यरत शारीरिक शिक्षक को प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा के रिक्त पद पर पदोन्नत किया जाएगा।
बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की ओर से संचालित शिक्षण संस्थानों और मंदिर में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के हित में यह निर्णय लिया गया है। नियमितीकरण की प्रक्रिया पारदर्शी होगी और इससे कर्मचारियों को उनके भविष्य की सुरक्षा मिलेगी।
-राजेंद्र गौतम, न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर