हमीरपुर। राज्यस्तरीय बाल विज्ञान मेले मेें जिला हमीरपुर के छात्र-छात्राओं का सराहनीय प्रदर्शन रहा है। विज्ञान मेले का आयोजन चंबा में 9 सितंबर से 12 सितंबर तक किया गया। इसमें 11 जिलों के 590 बच्चों ने भाग लिया। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अश्वनी चंबयाल ने कहा कि जिले के बच्चों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। दो छात्राएं सर्वे रिपोर्ट में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई हैं। सीनियर अर्बन वर्ग में कुमारी साक्षी और अनमोल कटोच प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने कहा कि मैग्नेट पब्लिक स्कूल हमीरपुर की लघुनाटिका के निर्देशक अरुण चौहान को प्रदेश स्तर पर बेस्ट निर्देशक अवार्ड से नवाजा गया। इसके साथ मैथ ओलंपियाड में सौभाग्य राज शर्मा ने प्रदेश भर में प्रथम स्थान, सीनियर वर्ग मैथ ओलंपियाड में कुमारी शैवी ने प्रथम स्थान, एक्टिविटी कार्नन में आरती कालिया ने प्रथम स्थान, प्रश्नोत्तरी में श्रेया कटोच और अनुशी ने द्वितीय स्थान, सीनियर अर्बन वर्ग में अनामिका और नंदनी ने दूसरा स्थान, सीनियर रुरल प्रश्नोत्तरी में साक्षी कुमारी और प्राची ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में हमीरपुर का दबदबा रहा। अश्वनी ने कहा कि लगभग 1000 से ज्यादा लोगों ने जिले के मॉडलों को सराहा और सभी मॉडलों को अवार्ड से नवाजा गया। जिला हमीरपुर के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अश्वनी चंबयाल को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया।