सुजानपुर(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र सुजानपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वार्षिक भंडारे के लिए इकट्ठी की 65 हजार की राशि अग्निकांड प्रभावित परिवारों को दी है। प्रवासी मजदूरों के लिए सुजानपुर पुलिस ने भोजन की व्यवस्था, सोने की व्यवस्था और नकद धनराशि देकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस थाना कर्मचारियों ने थाना में आयोजित भंडारे के लिए अपनी जेब से धन एकत्रित किया था। अब इस धन से गरीब का तन, धूप और बारिश से सिर ढकने के लिए राहत और बच्चों को लिए किताबें मिलेंगी। इसमें जिला पुलिस का भी सहयोग रहा है। ग्राम पंचायत बीड़ बगेहड़ा के गांव पुआड़ में गत दिन आगजनी की घटना से प्रवासी मजदूरों की झोपड़ियां जल गई थी। इससे 11 परिवारों के 49 लोग बेघर हो गए। थाना प्रभारी श्याम लाल की अगुवाई में 65000 हजार की राशि इकट्ठा हुई थी। इसमें पुलिस कर्मचारियों ने भंडारा स्थगित कर बेघर लोगों को बसाने के लिए नेक कार्य में राशि लगा दी। इस मौैके पर अन्य पुलिस थाना कर्मचारी और पुलिस अधीक्षक ने नेक कार्य में सहयोग कर खाद्य सामग्री बिस्तर, दवाइयां, कपड़े और किताबें देकर सराहनीय कार्य किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित आईपीएस आकृति शर्मा, थाना प्रभारी श्याम लाल आदि ने सामान वितरित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि इसके लिए ओर संभव सहायता की जाएगी।