जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के दुकानदारों ने जाहू में डोम लगाने के विरोध में सांसद अनुराग ठाकुर और विधायक कमलेश कुमारी के साथ मुलाकात की। इस दौरान जाहू व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान की अध्यक्षता में डोहग गांव में सांसद से डोम को हटवाने की मांग की। दुकानदारों ने कहा कि इससे स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक हानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत ने मेला परिसर में स्टाल लगाने का अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया है, लेकिन यह डोम मेला परिसर में नहीं जाहू बाजार के पास लग रहा है। इससे पहले से मंदी झेल रहे दुकानदारों को और अधिक नुकसान होगा। इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने भोरंज के एसडीएम विजय कुमार से फोन पर बात की और दुकानदारों द्वारा बताई गई समस्या से अवगत करवाया। इस दौरान एसडीएम विजय कुमार ने सांसद अनुराग ठाकुर को बताया कि डोम लगाने की कोई भी अनुमति नहीं दी गई है। फिर भी जाहू जाकर निरीक्षण किया जाएगा। इस मौके पर संजय कुमार, विपिन कुमार, किशोर, राजेश राठौर, नंद लाल गुप्ता, सुनील कुमार सहित अन्य दुकानदार उपस्थित रहे।