सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के लिए मंगलवार को प्लॉटों की बिक्री शुरू हो गई। वहीं मंगलवार को झूला मार्केट के लिए रखी गई बोली में किसी भी झूला खरीदार ने बोली नहीं लगाई। हालांकि 14 झूला खरीदारों ने प्रशासन के पास 50-50 हजार रुपये बतौर सिक्योरिटी जमा करवाए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से झूला मार्केट के लिए सरकारी बोली 25 लाख रखी गई थी। बोली के लिए रखी गई इस धनराशि से अधिक राशि की बोली लगाने में किसी झूला खरीदार ने जहमत नहीं उठाई।
वहीं करीब एक सौ से अधिक प्लॉटों की बिक्री से प्रशासन को लाखों रुपये राजस्व तहबाजारी के रूप में इकट्ठा हुआ। इसके अलावा चौगान में एक डोम के लिए प्लॉट बेचकर प्रशासन ने 19 लाख रुपये प्राप्त किए हैं। 27 फरवरी से दो मार्च तक मनाए जाने वाले चार दिवसीय होली उत्सव को लेकर चौगान में सजने वाली दुकानों के लिए प्लॉटों का आवंटन मंगलवार को शुरू हो गया है। इस मौके पर तहसीलदार अशोक पठानिया, ईओ केएल ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, बबली, विवेक सहित अन्य मौजूद रहे।