फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री के जाते ही ठप पड़ गया निर्माण कार्य

विज्ञापन
विज्ञापन
नादौन(हमीरपुर)। नादौन अस्पताल में रविवार को औचक निरीक्षण करने आए स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार के जाने के बाद सोमवार को निर्माणाधीन भवन का कार्य एक बार फिर ठप रहा। मंत्री के नादौन आने की सूचना मिलते ही ऐसा लग रहा था कि भवन का कार्य काफी जोर शोर से चल रहा है। आनन फानन में मंत्री के आने से पूर्व न केवल वहां पर काफी मात्रा में लेबर उपलब्ध थी बल्कि धड़ा-धड़ सामान भी ढोया जा रहा था। इसी कार्यप्रणाली की शिकायत स्थानीय लोगों ने मंत्री से की थी जिसके उपरांत ही विपिन परमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। लोगों का आरोप था कि गत पांच वर्षों में इस निर्माणाधीन भवन का कार्य ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। क्योंकि इस भवन का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने किया था।
विज्ञापन

सरकार के बदलने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि कार्य तेजी से होगा और उनका यह विश्वास उस समय और पक्का हो गया जब स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने मौका पर ही विभाग को आदेश दिए कि आगामी एक वर्ष के भीतर इस निर्माणाधीन भवन का कार्य पूर्ण किया जाए ताकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हाथों इसका लोकार्पण करवाया जा सके। परंतु सोमवार को लोग उस समय हैरान हो गए जब उन्हें पता चला कि कार्य में तेजी लाने के बजाए काम पर आया ही कोई नहीं था। इस संबंध में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सवित्री कटवाल ने कहा कि विभाग ने इस कार्य की जिम्मेवारी लोक निर्माण विभाग को सौंप दी है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ वासुदेव ठाकुर ने कहा कि कार्य ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी डेढ़ वर्ष में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। भवन के लिए अब दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें