बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मैहरे बाजार के दुकानदारों ने व्यापार मेला लगाने का विरोध किया है। दुकानदारों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। दुकानदारों का कहना है कि बिना टैक्स अदायगी से लगने वाले इस मेले से दुकानदारों का धंधा चौपट हो रहा है। मैहरे बाजार कमेटी प्रधान विनोद लखनपाल की अगुवाई में दुकानदार एसडीएम बड़सर से मिले तथा ज्ञापन सौंपा। बाजार कमेटी प्रधान, कुलदीप सिंह, सुमित कुमार, रविंद्र कुमार, यशपाल, सुरेंद्र कुमार, सतीश कुमार, देश राज, राज कुमार, विजय कुमार, सोनू कुमार सहित अन्य दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने भारी भरकम किराया देकर दुकानें खोली हैं। व्यापार मेले से कई दुकानदारों को किराया देना भी मुश्किल हो जाएगा। मेले में लगभग 50 दुकानें लगाई गई हैं। ये दुकानदार शॉप एक्ट के तहत पंजीकृत नहीं होते हैं। मैहरे में दुकानें शॉप एक्ट के तहत पंजीकृत हैं। इनके पास कोई जीएसटी नंबर तक नहीं होता तथा न ही इनका कोई निरीक्षण किया जा रहा है। ट्रेड फेयर में कई दुकानदारों का पुलिस में कोई पहचान पत्र नहीं है। उन्होंने दुकानदारों के हित को ध्यान में रखते हुए ट्रेड फेयर को बंद करने की मांग की है। ऐसा न करने पर दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
उधर, एसडीएम बड़सर धनवीर ठाकुर का कहना है कि मैहरे में पहले भी ट्रेड फेयर लग चुका है। दुकानदारों की शिकायत मिलने से पहले ट्रेड फेयर के लिए अनुमति दी जा चुकी थी। दुकानदारों द्वारा पहले भी शिकायत करने बारे उन्हें जानकारी नहीं है।