नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय बस अड्डा से लेकर तहसील परिसर तक पेड़ों के कटान का कार्य तीसरे दिन भी जारी रहा। एनएच विभाग द्वारा सड़क किनारे स्थित इन पेड़ों को काटा जा रहा है। विभाग के अनुसार इस स्थल पर कुल 44 पेड़ों को काटा जाना है। एनएच के विस्तारीकरण के लिए पेड़ों का कटान किया जा रहा है। रविवार को दिनभर शहर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। वहीं एनएच पर बार-बार जाम लगता रहा।
छुट्टी का दिन होने और विवाह समारोह का सीजन चला होने के कारण सड़क पर वाहनों की संख्या अपेक्षाकृत काफी अधिक रही। इस कारण कस्बा में हर पंद्रह मिनट बाद जाम की स्थिति बनी रही। कांगड़ा, ज्वालाजी और अंब की ओर से हमीरपुर व सुजानपुर की ओर जाने वाले वाहन जाम में फंसते रहे। शुक्रवार और शनिवार को भी इन स्थलों पर पेड़ों का कटान हुआ, लेकिन उस दौरान कुछ एक पेड़ों को ही काटा गया। उस दौरान शहर के कुछ भागों में ही बिजली आपूर्ति बाधित रही। लेकिन, रविवार को शहर के अधिकार क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही और जाम की स्थिति भी बनी रही। विभाग के अधिशाषी अभियंता एचएल शर्मा ने बताया कि पेड़ कटान के कार्य को शीघ्र निपटाने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि आम लोगों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।