बड़सर(हमीरपुर)। बिजली उपमंडल बड़सर में बीएसएनएल का सर्वर डाउन होने के कारण बिजली बिल जमा नहीं हो पाए हैं। इससे कार्यालय में बिल जमा करवाने आए उपभोक्ताओं को बिना बिल जमा करवाए वापस लौटना पड़ा। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली उपमंडल कार्यालय के एसडीओ ने शिमला में बीएसनएल का सर्वर डाउन होने से दिक्कत बताई है।
क्षेत्र के उपभोक्ताओं पुरषोत्तम चंद, राजेश कुमार, सूरज कुमार, विनोद कुमार, संजीव कुमार, देवदत्त, कमल देव, सोमदत्त, विजय कुमार, कांता देवी, व्यासां देवी, प्रियंका, साक्षी तथा राज कुमारी ने कहा कि कार्यालय में बिजली के बिल जमा नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह से बिल काउंटर के पास खड़े रहे, लेकिन कर्मचारी बिल जमा नहीं कर पाए। उन्होंने कार्यालय के दो तीन चक्कर काट लिए हैं, लेकिन बिल जमा नहीं होने से उन्हें बिना बिल जमा करवाए वापस लौटना पड़ा। लोगों का कहना है कि बिजली बोर्ड बिल जमा करवाने की व्यवस्था करे ताकि उन्हें परेशानी नहीं झेलनी पड़े। उधर, बिजली उपमंडल बड़सर के सहायक अभियंता प्रकाश चंद का कहना है कि शिमला में बीएसएनएल का सर्वर डाउन चल रहा है। इसकी मरम्मत का कार्य निगम द्वारा किया जा रहा है। मरम्मत के लिए दो दिन का समय लग सकता हैं। इसके चलते शनिवार को बिल जमा नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता ऑनलाइन बिल जमा करवा सकते हैं।