हमीरपुर। चुनाव ड्यूटी पर तैनात अध्यापकों की जगह अब जेबीटी प्रशिक्षु प्राथमिक स्कूलों के छात्रों को पढ़ाएंगे। डाईट में प्रशिक्षण ले रहे जेबीटी प्रशिक्षुओं की स्कूलों में तैनाती होगी। प्रशिक्षु जेबीटी अध्यापक अब उन स्कूलों में जाकर बच्चों की शिक्षा को सुचारू करेंगे जहां के शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने में लगाई गई है। चुनावी प्रक्रिया संपन्न होने में काफी समय है, तब तक छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए डाईट हमीरपुर ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान जेबीटी प्रशिक्षुओं को स्कूलों में जाकर पढ़ाने का निर्णय लिया है। जिला के अधिकतर स्कूलों में प्रशिक्षु अध्यापकों को भेजा जा रहा है।
डाईट के प्रधानाचार्य एवं जिला परियोजना अधिकारी जगदीश कौशल ने जेबीटी प्रशिक्षुओं को जिला हमीरपुर के विभिन्न स्कूलों में भेजा है। सिंगल टीचर वाले स्कूलों का विशेष ध्यान रखा गया है। जिस स्कूल से सभी अध्यापक चुनावी ड्यूटी पर होंगे, वहां विशेष प्राथमिकता के आधार पर अध्यापकों का प्रबंध किया गया है। डाईट के जिला मीडिया समन्वयक सुनील कुमार का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान सभी निजी कॉलेज व डाईट के डीएलएड प्रशिक्षुओं को स्कूलों में डिप्यूट किया गया है तथा जिला हमीरपुर के अधिकतर स्कूलों में अध्यापकों की कमी नहीं खलेगी।