हमीरपुर। प्रदेश के सबसे साक्षर जिला हमीरपुर में कुछ लोग कोरोना वायरस को हल्के में ले रहे हैं। सामाजिक दूरी नियमों की अवहेलना की जा रही है। मास्क भी सही ढंग से नहीं पहन रहे हैं। यही वजह है कि जिले में हफ्ते में कोरोना नियम तोड़ने के 130 मामले सामने आ चुके हैं। सामाजिक दूरी नियमों का पालन न करने और मास्क न पहनने पर पुलिस ने 67 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला है। खासकर बस अड्डों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के दौरान भी कई स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड नियमों की अवहेलना हुई है।
ऐसी लापरवाही आने वाले समय के लिए घातक साबित हो सकती है। सरकार के दिशा-निर्देशों का सही ढंग से पालन न करने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मुख्यालय समेत उपमंडल स्तर के अन्य बड़े बाजारों में पुलिस गश्त कर रही है। जिला मुख्यालय पर तो पुलिस विभाग की ओर से दो महिला कांस्टेबल फुल ड्रेस में रोजाना गांधी चौक से भोटा चौक तक कदमताल भी करती हैं। बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को उचित सामाजिक दूरी नियमों का पालन करने और मास्क पहनने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग इन नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिनके पुलिस चालान काट रही है।
बाक्स:
दुकानदार और ग्राहक नियमों का करें पालन : उपाध्यक्ष
नगर परिषद हमीरपुर के उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज ने जिले के सभी दुकानदारों और बाजार में घूमने वाले उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे कोरोना से बचाव के लिए सरकारी दिशा-निर्देशों का ईमानदारी के साथ पालन करें, ताकि कोरोना की तीसरी लहर से लोग बच सकें। उन्होंने दुकानदारों से भी आग्रह किया है कि वह ग्राहकों को बिना मास्क दुकान के भीतर प्रवेश न करने दें। साथ ही खुद और ग्राहकों को भी मास्क पहनने के लिए प्रेरित करें। हाथों को समय-समय पर सैनिटाइज करते रहें।
बयान-
रोजाना गश्त के दिए हैं निर्देश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी का कहना है कि जिला मुख्यालय पर रोजाना महिला पुलिस कांस्टेबल को शहर में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थल पर मास्क का नियमित प्रयोग करें। नियमों की अवहेलना करने वालों का पुलिस समय-समय पर चालान कर रही है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।