बड़सर (हमीरपुर)। आबकारी एवं कराधान विभाग ने मैहरे बाजार में स्टोन बेचने वाले व्यापारी पर शिकंजा कसते हुए उसके पास बिना बिलों के 11 लाख 50 हजार रुपये कीमत के रत्न (स्टोन) पकड़े हैं। ऊना जिले के आबकारी एवं कराधान विभाग के उड़नदस्ते ने वीरवार शाम को यह कार्रवाई की है। एक्साइज टीम में वीरेंद्र शर्मा, गणेश, प्रवीण और त्रिलोक शामिल रहे। विभाग को गुप्ता सूचना मिली थी कि कोई व्यापारी लाखों रुपये के स्टोन बाहरी राज्यों से लाकर हिमाचल प्रदेश में बिना बिल के बेच रहा है।
टीम को मैहरे बाजार में अमृतसर का यह व्यापारी मिला और उसे टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। उसके बाद सामान का मूल्यांकन किया गया तो उसका मूल्य 11 लाख 50 हजार पाया गया। उसे 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हैरानी की बात है कि जीएसटी लागू होने के बावजूद प्रदेश में लाखों रुपये का सामान बिना बिलों के सरेआम बेचा जा रहा है। एक्साइज विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर राजीव डोगरा ने बताया कि कि मधुर गुप्ता नाम के अमृतसर के व्यापारी के पास 11 लाख 50 हजार के नग जिसमें नीलम, पन्ना, पुखराज सहित कई कीमती नग शामिल थे, बिना बिलों के पकड़े गए हैं। कारोबारी को 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।