हमीरपुर। जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में पुलिस विभाग में बतौर मुख्य आरक्षी तैनात हमीरपुर के अमरजीत सिंह अत्री की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक का पार्थिव शरीर दिवाली वाले दिन सात नवंबर को उनके पैतृक गांव गोपालनगर पहुंचाया गया। वहीं पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अमरजीत सिंह अत्री पुत्र स्वर्गीय रंगीला राम निवासी गोपालनगर ग्राम पंचायत दडूही, हमीरपुर का निधन दिल का दौरा पड़ने से छह नवंबर की सुबह हो गया। जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा तब वह सोए हुए थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही पूरा गांव गमगीन हो गया। एक सप्ताह पूर्व ही अमरजीत सिंह पुलिस विभाग में 22 वर्ष की अपनी नौकरी के पश्चात मुख्य आरक्षी बने थे।
मृतक का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपट कर जिला किन्नौर की पुलिस ने सात नवंबर शाम पांच बजे उनके घर पहुंचाया। अमरजीत अपने पीछे पत्नी सरोज कुमारी, दो बेटियां कृतिका अत्री, खुशी अत्री, बेटा सतनाम सिंह अत्री, बूढ़ी मां दीप कौर और अविवाहिता बहन छोड़ गए। वहीं श्मशानघाट पर अमरजीत सिंह अत्री का थाना प्रभारी हमीरपुर संजीव कुमार गौतम के नेतृत्व में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके सात वर्षीय बेटे सतनाम सिंह ने मुखाग्नि दी। थाना प्रभारी सदर संजीव गौतम का कहना है कि मुख्य आरक्षी अमरजीत सिंह अत्री की मौत दिल का दौरा पड़ने से होने की सूचना मिली। सात नवंबर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर सदर थाना से पुलिस की टीम मौजूद रही।