भोरंज/जाहू (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत भोरंज के गांव मलियां के एक व्यक्ति की मुंबई में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाले व्यक्ति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। विजय कुमार चार माह पहले ही रोजगार के लिए मुंबई गया था। जहां मंगलवार को सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मृत्यु हो गई।
रविवार को मोबाइल पर इसकी सूचना मिली। विजय की मौत की खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। वहीं स्थानीय प्रशासन और विधायक कमलेश कुमारी से क्षेत्रवासियों ने मृतक के बेरोजगार बेटे को रोजगार देने की मांग उठाई है। विजय का वीरवार दोपहर को पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंचायत प्रधान गरीब दास ने कहा कि बुधवार को विजय की मौत की खबर मिलने से क्षेत्र में मातम का माहौल है।