हमीरपुर। सैनिक कल्याण विभाग कार्यालय हमीरपुर के रोजगार सेल में वीरवार को विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए। इसका आयोजन सुबह दस बजे से हुआ। दो दिन तक चलने वाले साक्षात्कार में वीरवार को वेलफेयर आर्गेनाइजर, जेई इलेक्ट्रिकल और बीकॉम डिग्री होल्डर अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित किए गए। इन पदों के लिए विभाग ने वीरवार को करीब 150 पूर्व सैनिकों को कॉल लेटर जारी किए थे। इनमें से करीब एक सौ पूर्व सैनिक साक्षात्कार के लिए पहुंचे।
विभाग में वेलफेयर आर्गेनाइजर के सात पद भरे जाने हैं। जेई इलेक्ट्रिकल के 30 पदों के लिए मात्र 15 अभ्यर्थी ही साक्षात्कार के लिए पहुंचे। अभ्यर्थियों ने इन पदों के लिए रुचि नहीं दिखाई है। बी कॉम डिग्री होल्डर 25 अभ्यर्थी और बीएससी डिग्री होल्डर 13 अभ्यर्थियों ने भी विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिए। इसके अलावा बीए अर्थशास्त्र डिग्री होल्डरों के लिए 24 अगस्त को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने 205 पात्र पूर्व सैनिकों को कॉल लेटर जारी किए हैं। इस संबंध में उप निदेशक सैनिक कल्याण विभाग हमीरपुर कर्नल एएस गुलेरिया का कहना है कि वीरवार को विभिन्न पदों के लिए एक सौ पूर्व सैनिकों ने साक्षात्कार दिए हैं। शुक्रवार के लिए 205 पूर्व सैनिकों को बुलाया गया है।