नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के मझेली गांव के एक पूर्व सैनिक ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक प्रबंधन पर उनकी पेंशन रोकने के आरोप लगाए हैं। पेंशन खाते पर रोक लगाने पर गुस्साए पूर्व सैनिक ने बैंक प्रबंधन और जिला प्रशासन को आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को शाम चार बजे वह कांगू के एसबीआई बैंक की शाखा के सामने आत्मदाह करेगा। पूर्व सैनिक जितेंद्र सिंह ने कहा कि उसने गांव में स्थित नेशनल बैंक की शाखा से दस वर्ष पूर्व दो लाख का लोन लिया था। जिसे वह कारोबार न चलने के कारण भर नहीं पाया। इसके बाद उन्होंने कांगू स्थित बैंक शाखा से मई माह में करीब तीन लाख का लोन अपने पेंशन खाते से लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि गत दो माह से उसके पेंशन खाते से पैसे नहीं निकल रहे हैं। जब इस बारे उन्होंने कांगू और सेरा स्थित बैंक की शाखा में पता किया तो दोनों ओर से उसे कभी सेरा तो कभी कांगू जाने को कहा जा रहा है। उसने कहा कि बैंक ने उसकी आरडी में से भी बिना बताए पैसे निकाल लिए हैं। जितेंद्र ने कहा कि रिजर्व बैंक के अनुसार बैंक उसकी पेंशन से 65 प्रतिशत राशि काट सकता है, जबकि नियमों के तहत 35 प्रतिशत राशि उसे मिलनी चाहिए। उन्होंने 17 वर्ष तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में कांगू स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक पीसी वर्मा कुमार ने कहा कि इस समस्या के हल के लिए जितेंद्र को बैंक में बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस संबंध में सेरा स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक वीरेश कुमार ने कहा कि जितेंद्र ने बैंक से निकाली गई राशि को अभी तक नहीं भरा है। इस संबंध में उपायुक्त हमीरपुर डा. ऋचा वर्मा ने कहा कि सूचना मिलने के बाद मामले की तुरंत जानकारी मांगी गई है।