भोरंज/जाहू(हमीरपुर)। भोरंज के मिनी सचिवालय के पास शुक्रवार को वाहनों का ट्रायल होने के करण उपमंडल मुख्यालय से लेकर बस्सी चौक तक एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति को देखकर एसडीएम के अधीक्षक ने पुलिस को सूचित किया। भोरंज थाने से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तय कर पुलिस कर्मचारी एक घंटे के बाद मौके पर पुहंचे। वह जाम खुलवाने के बजाय एक दुकान के बेंच पर बैठकर दोपहिया वाहनों के चालान करने लग पड़े जिससे जाम की स्थिति बनी रही। जाम में स्कूल की गाड़ियां फंसने के कारण बच्चे भी समय पर घर नहीं पहुंच सके। इस बारे बड़सर डीएसपी जसवीर सिंह का कहना है कि इसकी जानकारी नहीं है। यदि जाम की स्थिति थी तो जाम खुलवाने चाहिए था न कि चालान करने चाहिए थे। इसकी जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीएम भोरंज संदीप सूद का कहना है कि उक्त स्थान पर पहले से ट्रायल होते आ रहे हैं। अगर लोगों को दिक्कतें आ रही हैं तो ट्रायल के लिए कोई और जगह निर्धारित की जाएगी।