हमीरपुर। सांसद अनुराग ठाकुर ने सभी स्कूलों में वर्षा जल संचयन ढांचा विकसित करने के लिए प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं ताकि बच्चों को जल संरक्षण के बारे में जागरूक किया जा सके और स्कूलों में पानी की कमी न रहे। सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि स्कूलों में पेयजल की सुचारु व्यवस्था के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता के लिए डीटीएच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रारंभिक तौर पर जिला के दस स्कूलों में सांसद निधि से डीटीएच उपलब्ध करवाने के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस बारे शिक्षा उपनिदेशक से स्कूलों की सूची भी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि डीटीएच का प्रयोग सफल रहा तो सभी स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से डीटीएच की सुविधा से जोड़ दिया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाना अत्यंत जरूरी है। इस के लिए जिन स्कूलों में बड़े हाल उपलब्ध हैं, वहां पर टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के लिए सांसद निधि से खेलों का सामान उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसके लिए भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों से स्कूलों को चिह्न्ति करने बारे रिपोर्ट मांगी गई है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में इजाफा हो सके। जिला में मॉडल स्कूल तैयार किए गए हैं तथा इन स्कूलों में शैक्षणिक सुधार की रिपोर्ट की नियमित तौर पर समीक्षा होनी चाहिए।