बड़सर(हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में कोच या शारीरिक शिक्षा शिक्षक का पद सृजित नहीं हो पाया है। कॉलेज में खेल आयोजनों के लिए मैदान भी तैयार नहीं हो पाया है। ऐसे में बिना कोच या शारीरिक शिक्षा अध्यापक के खेल प्रतिभाओं का निखरना मुश्किल है। कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने खेल मैदान तैयार करने तथा कोच का पद सृजित करने की मांग उठाई है। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में भवन निर्माण हुए लगभग दस वर्ष हो चुके हैं तथा खेल के मैदान के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इसके बावजूद विद्यार्थियों के खेलने के लिए मैदान तैयार नहीं हो पाया है। इतना ही नहीं कॉलेज में कोच का पद नहीं भरा जा सका है। कॉलेज में दाखिल होने के उपरांत खेल मैदान और कोच के अभाव में कई प्रतिभाओं को उभरने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। कॉलेज छात्र आशीष कुमार, बंदना कुमारी, विनोद कुमार, मधु कुमारी, वर्षा रानी, ऊषा रानी, पूनम कुमारी, अमित कुमार, सुनील कुमार, अश्वनी कुमार, दीपक कुमार, संजय कुमार, सुरेश कुमार, रवि कुमार, ममता कुमारी, ज्योति, बंदना कुमारी, प्रियंका कुमारी, शालू, सविता, अंकिता सहित अन्यों ने बताया कि खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए कोच या प्रशिक्षक की आवश्यकता होती है लेकिन कोच के अभाव में खिलाड़ी छात्र छात्राओं के साथ अन्याय हो रहा है।
कॉलेज प्राचार्य मीना सूद ने बताया कि कॉलेज में कोच या शारीरिक शिक्षक का पद सृजित नहीं है। खेल का मैदान जल्दी तैयार करने के बारे में पीडब्ल्यूडी को लिखा गया है।