हमीरपुर। बिजली बोर्ड हमीरपुर ने उपमंडल-2 के अंतर्गत आने वाले 817 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की मुहिम शुरू कर दी है। बिजली उपमंडल-2 के तहत कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने बिजली बिलों का लंबे समय से भुगतान नहीं किया है। प्रथम चरण में बिजली बोर्ड द्वारा इन उपभोक्ताओं में से 517 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। शेष डिफाल्टर उपभोक्ताओं को भी बिजली बोर्ड ने 15 नवंबर तक बिजली बिल भरने का अल्टीमेटम दिया है।
बिजली बोर्ड हमीरपुर जिला भर के डिफाल्टर उपभोक्ताओं से कुल 15 करोड़ रुपये का लेनदार है। बोर्ड के निर्देशों के बावजूद डिफाल्टर उपभोक्ता बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। जिस कारण बिजली उपमंडल-2 के तहत प्रथम चरण में 517 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बोर्ड के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिलों का भुगतान करने का आग्रह किया है। उधर, बिजली उपमंडल-2 के एसडीओ राकेश वर्मा का कहना है कि बिल न भरने वाले 517 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बोर्ड द्वारा काटे जाएंगे। जिसकी प्रक्रिया बोर्ड ने शुरू कर दी है। शेष बचे उपभोक्ताओं को भी बोर्ड ने 15 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर उपभोक्ता 15 तक बिजली बिलों का भुगतान नहीं करते हैं तो उनके कनेक्शन भी बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिए जाएंगे।