भोरंज (हमीरपुर)। विस क्षेत्र भोरंज के लदरौर कस्बे में बुधवार को बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और जिला परिषद सदस्य सुभाष कुमार की अध्यक्षता में सांसद अनुराग ठाकुर का पुतला फूंका गया। बंबर ठाकुर ने कहा कि सांसद पांच वर्षों तक गांव की समस्याओं को नहीं सुन सके और अब वोट मांग रहे हैं। सांसद 5 वर्षों तक विदेश घूमते रहे। गांव की सड़कें, गलियां बदहाल हैं। पीने का पानी मुहैया नहीं हो पा रहा है और अनुराग अपनी निधि वापस कर रहे हैं। वह किस आधार पर वोट मांग रहे हैं।
सांसद अपनी नाकामियां छुपाने के लिए सोनिया गांधी की ईमानदार छवि को दागी करने के बयान लोकसभा में दे रहे हैं। जिस महिला ने अपना सुहाग खो दिया, अपनी सास खो दी और प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ दी, देश में इससे बड़ा ईमानदारी का सबूत क्या हो सकता है। जो ईमानदार नेताओं पर हमला करेगा, उसके पुतले पूरे हमीरपुर, ऊना-बिलासपुर में फूंके जाएंगे। इस मौके पर शिवराम, जगत सिहं ठाकुर, अमरनाथ, मनोज शर्मा, सुनील शर्मा, करतार सिंह, देशराज, अमरसिंह, नवीन आदि उपस्थित रहे।