बिझड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत शनिदेव मंदिर डुगाड़ के समीप तीखे मोड़ पर रविवार दोपहर एक स्कूटी और कार की टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार दंपती के साथ बैठे एक छोटे बच्चे को चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। रविवार दोपहर स्कूटी चालक परिवार सहित बिझड़ी से सलौणी की तरह जा रहा था। स्कूटी पर उसके साथ पत्नी और दो छोटे बच्चे सवार थे। डुगाड़ के समीप एक कार सलौणी से बिझड़ी की तरफ आ रही थी। तीखे मोड़ पर उनकी टक्कर हो गई। जिसमें स्कूटी पर सवार छोटे बच्चे को चोटें आई हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस चौकी बिझड़ी के प्रभारी राजेंद्र कुमार का कहना है कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।