फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्रग इंस्पेक्टर ने दी दबिश, शटर बंद कर भागे दो दुकानदार

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। स्वास्थ्य विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर ने भोरंज और तरक्वाड़ी कस्बे में दबिश देकर मेडिकल स्टोरों से दवाइयों के छह सैंपल भरे हैं। विभाग की कार्रवाई के दौरान कस्बे के दो मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद कर भाग गए। विभाग इन मेडिकल स्टोरों से सैंपल नहीं भर पाया है लेकिन, इंस्पेक्टर ने तरक्वाड़ी कस्बे से दवाइयों के पांच और भोरंज से एक सैंपल भरा है। इन सैंपलों को स्वास्थ्य विभाग कंडाघाट स्थित लैब में भेजेगा। लैब से सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक और दवा कंपनी पर कार्रवाई की जाएगी। घटिया दवाइयां बेचने की शिकायतों के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। ड्रग इंस्पेक्टर के पास जिला बिलासपुर का भी अतिरिक्त प्रभार है। बिलासपुर से भी दवाइयों की करीब आधा दर्जन शिकायतें निरीक्षक को आई हैं।
विज्ञापन

इससे पूर्व भी ड्रग इंस्पेक्टर ने जिले से करीब दर्जनभर सैंपल भरे हैं। इनमें से तीन सैंपल की रिपोर्ट विभाग के पास आ गई हैं। यह तीनों सैंपल पास हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से शिकायत के आधार पर भरे गए ग्लूकोस और दवाइयों के सैंपल की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक ने स्वयं इन दवाइयों और ग्लूकोस की शिकायत की थी। दो माह पूर्व हुई इस कार्रवाई की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। ड्रग इंस्पेक्टर डा. पंकज शर्मा का कहना है कि भोरंज और तरक्वाड़ी में छह दवाइयों के सैंपल भरे गए हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद कर भी चले गए। जहां सैंपल नहीं भरे जा सके। उन्होंने कहा कि भरे गए सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजा जाएगा। लैब से रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें