हमीरपुर। प्रदेश ड्राइविंग स्कूल संघ की बैठक का आयोजन शनिवार को ठाकुर ड्राइविंग स्कूल हमीरपुर परिसर में हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रदेशाध्यक्ष मेहर चंद धीमान ने की। इसमें प्रदेश में हो रही दुर्घटनाओं के बारे में विशेष चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने अधिकांश दुर्घटनाओं में चालकों के प्रशिक्षण में कमियां होने की बात पर सहमति दी।
धीमान ने कहा कि चालकों को उत्तम दर्जे का प्रशिक्षण अनिवार्य है। इस समस्या के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने पर बल दिया गया। वहीं, निर्णय लिया गया कि समस्त ड्राइविंग स्कूलों में बायोमीट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी ताकि, प्रशिक्षुओं की पूरी हाजिरी सुनिश्चित की जा सके। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। इसे प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को सौंपा जाएगा। इसमें काफी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे।