हमीरपुर। उपमंडल सुजानपुर के ऊहल में हुए जनमंच में दिव्यांग बच्चों ने स्टाल लगाकर 24 हजार रुपये की मोमबत्तियां एक दिन में बेच डालीं। दिवाली से पहले ही बच्चों ने खूब सेल कर मानों पहले ही दीपों का त्योहार मना लिया हो। लोगों ने भी बच्चों के इस अनूठे प्रयास को खूब सराहा। खंड विकास कार्यालय टौणी देवी के बीडीओ यशपाल परमार ने इस बार जनमंच में कुछ नया करने का ठाना। इसके लिए पहचान संस्था के दिव्याग बच्चों को बुलाया गया। दिव्यांग बच्चे मोमबत्तियां बनाने का काम भी करते हैं। बच्चों का खंड विकास कार्यालय के कर्मियों व अधिकारियों ने भी पूरा साथ दिया। बीडीओ यशपाल परमार ने बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए कुछ खास करने की तमन्ना उनके मन में रहती है तथा इसके चलते नया प्रयास किया गया और यह काफी सफल रहा है। बच्चों व बीडीओ कार्यालय के इस प्रयास को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य वीरेंद्र ठाकुर व टौणी देवी से बीडीसी सदस्य प्रेम लता ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों ने भी सराहा।