हमीरपुर। प्रदेश में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के यूथ लीडरशिप ट्रेनिंग कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को हमीरपुर से हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज की परिकल्पना से ही देश का विकास संभव है। इसलिए वर्तमान की केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने संस्था के प्रोजेक्ट भारत कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया। मंत्री ने कहा कि युवा राष्ट्र पुनर्निर्माण में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। गांवों को स्वच्छ तथा स्वस्थ बनाने के लिए अहम कदम उठाए जाने जरूरी हैं। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में विशेष कदम उठा रही है लेकिन, संस्कारित समाज के निर्माण के लिए लोगों को स्वयं ही कदम उठाने होंगे।
विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में व्यस्तताओं के दौर में योग और अध्यात्म जरूरी है। युवाओं को सामाजिक प्रकल्पों के साथ जोड़कर नशे से दूर रखा जा सकता है। आर्ट आफ लिविंग संस्था युवाओं का सही मार्गदर्शन कर रही है। इससे पहले प्रोजेक्ट भारत के निदेशक देव ज्योति ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। कहा कि यूथ लीडरशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे तथा आगामी छह महीनों में हिमाचल के हर गांव से पांच युवक-युवतियों को इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर विधायक कमलेश कुमारी, विधायक रवि धीमान, संस्था के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र योगी, भाजपा के प्रदेश सचिव विजय पाल सोहारू, जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, नगर परिषद की अध्यक्ष सुलोचना देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।