जलाड़ी (हमीरपुर)। जिलाभर में दूसरे दिन भी लगातार भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। बारिश के कारण सड़कों ने तालाब का रूप धारण कर लिया। इसके साथ ही जिला भर में कई जगह भूस्खलन भी हुए। उपमंडल नादौन के अंतर्गत पड़ते अमलैहड़ गांव में शनिवार रात को मकान के अंदर सोया परिवार मकान का एक हिस्सा अचानक गिरने से बाल-बाल बचा। परिवार ने बड़ी कठिनाई से रात गुजारी और सुबह दूसरों के घरों में सामान आदि रखकर आश्रय लिया। वहीं सुजानपुर स्कूल के पास बारिश के कारण एक डंगा गिर गया।
इसके अलावा कई सड़कों किनारे निकासी नालियां न होने से सड़कों पर पानी जमा हो गया। हालांकि, बारिश ने जिले के लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, लेकिन भारी बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बिजली बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और आईपीएच विभाग को भी बारिश के कारण लाखों की चपत लगी है। डंगे गिरने, बिजली पोल गिरने और खड्डों, नालों में आई बाढ़ के कारण पाइपें बह जाने से इन विभागों को लाखों का नुकसान हुआ है। इस संबंध में एसडीएम नादौन दिले राम ने कहा कि मकान गिरने से हुए नुुकसान की हलका पटवारी से रिपोर्ट मांगी गई है।