जाहू(हमीरपुर)। सड़क पर भरे पानी और कच्ची सड़क को पक्का न करने पर हौड़ गांव के ग्रामीण भड़क गए हैं। ट्रैक्टरों की आवाजाही के कारण कच्ची सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण रविवार को महिला मंडल सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क पर चक्का जाम करके वाहनों की आवाजाही रोकी। जाहू से सुलगवान वाया हौड़ सड़क पर ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। हालांकि इस सड़क पर सरकारी और निजी बसें नहीं चलती है, लेकिन स्थानीय क्रशर से पत्थर लेकर ट्रैक्टर दिनभर चले रहते हैं। महिलाओं ने ट्रैक्टरों को रोक कर विरोध जताया।
महिला मंडल जाहू खुर्द अध्यक्ष संजू शर्मा, जयदेई, सावित्री देवी, संजू, लता, वीना देवी, करतारी देवी, पंचायत प्रतिनिधि मंजू शर्मा, कुलवंत सिंह, सूबेदार प्रकाश चंद, कैप्टन खान, प्रताप सिंह, बलदेव सिंह, सावन सिंह, पवन कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि पत्थरों से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही से हौड़ गांव की सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। यहां पर बारिश होने पर एक फीट तक पानी खड़ा हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर सुबह चार बजे से रात 12 बजे तक पत्थरों को ढो रहे हैं। इससे रातभर ट्रालियों की आवाज से बच्चों को पढ़ाई करना मुश्किल हो रही है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी है कि सड़क की दशा शीघ्र ठीक न की तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। हौड़ वासियों ने पंचायत प्रधान राजू और उपप्रधान चमन लाल को भी अवगत करवा दिया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग भोरंज के सहायक अभियंता अमर सिंह भाटिया का कहना है कि जाहू से सुलगवान वाया हौड़ सड़क कई दिनों से खराब है। विभाग ने सड़क की दशा सुधारने के लिए प्राक्कलन तैयार किया है। इसकी स्वीकृति आ चुकी है। सड़क को ठीक करने के लिए दस लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।