बिझड़ी(हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग बड़सर के तहत एक निर्माण कार्य को बिना टेंडर चेहेते ठेकेदार को कार्य सौंप दिया गया है। वहीं ठेकेदार इस कार्य को तुरंत प्रभाव से निपटाने में जुटा हुआ है। सरकारी विज्ञापन के मुताबिक अभी शुरू हुए निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया इसी सप्ताह निभाई जानी है। बावजूद इसके इस निर्माण कार्य को कैसे शुरू करवाया गया। कायदे के अनुसार किसी भी कार्य को शुरू करवाने से पहले सभी दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया पूर्ण कर टेंडर लगाना अनिवार्य होता है। लोक निर्माण विभाग बड़सर ने इस नियमावली को दरकिनार कर चहेते ठेकेदार से निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है।
लोक निर्माण विभाग बड़सर विभागीय वाहनों को पार्क करने के उद्देश्य से गैरेज का निर्माण करवा रहा है। गैरेज के निर्माण पर करीब सवा तीन लाख रुपये की राशि खर्च की जानी है। इस निर्माण कार्य को विभागीय अधिकारियों ने टेंडर लगने से पहले ही शुरू करवा दिया है। जो कि विभागीय
नियमावली के विपरीत है। ठेकेदार को किस नियम के तहत इस कार्य को आवंटित किया गया है, इस पर सवाल उठते हैं। इस संदर्भ में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। लेकिन टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी भी कार्य को शुरू करवाना विभागीय नियमावली के विपरीत है। यदि ऐसा है तो इस मामले कि जांच की जाएगी।